देहरादून/उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का प्रेरणास्रोत है तथा उनकी गौरवगाथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बुक्सा समाज की संस्कृति और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन घोषणाएं भी कीं, जिनमें रोशनपुर डलबाबा मंदिर परिसर में निर्माण कार्य और दो सड़कों के पुनर्निर्माण शामिल हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।