देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गढ़ीकैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन में स्वर्गीय हरबंस कपूर की 80वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे, जिनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने अपने पूरे जीवन में समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन जनसेवा और विकास के प्रति समर्पित रहा, जिसे राज्य हमेशा याद रखेगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. कपूर के साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे सादगी और संवेदनशीलता के प्रतीक थे। उन्होंने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया और राज्य के विकास से जुड़े हर विषय पर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि वे एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने जीवन का हर क्षण जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और उनके मार्गदर्शन का उनके जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज्य के विकास में उनका योगदान सदैव अनुकरणीय रहेगा।