देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र संघर्ष समिति, भाग-1 पथरी (हरिद्वार) और ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर, बहादराबाद के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने विस्थापितों को भूमिधरी अधिकार देने और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही हरिद्वार और टिहरी के जिलाधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वैधानिक व प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विस्थापित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास और उनके अधिकारों का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, सचिव एस.एन. पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी और ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने त्वरित संज्ञान और निर्देशों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।