राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ

हरिद्वार। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को जिला कार्यालय सभागार रोशनाबाद में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र नेगी ने किया। उन्होंने सभी नागरिकों से बिना भय, प्रलोभन और भेदभाव के मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना और राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस वर्ष की थीम “My India, My Vote” रही। मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और नवीन मतदाताओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। स्वीप हरिद्वार की मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर आधारित वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया तथा 18–19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं को पहचान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चित्रकला, निबंध, स्लोगन लेखन और रील निर्माण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आईकॉन एवं स्वीप प्रकोष्ठ के सदस्यों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *