हरिद्वार |जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पाण्डे ने जानकारी दी कि खेल महाकुम्भ 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025 (राज्य स्तरीय प्रतियोगिता) के दूसरे दिन रस्साकसी, मलखम्ब एवं गोली (कंचा) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रस्साकसी अंडर-19 में राज्यसभा क्षेत्र हरिद्वार (रुड़की) प्रथम, लोकसभा क्षेत्र हरिद्वार द्वितीय एवं लोकसभा क्षेत्र टिहरी तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-14 बालक वर्ग रस्साकसी में राज्यसभा क्षेत्र हरिद्वार (रुड़की) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मलखम्ब अंडर-14 गाँव प्रतियोगिता में उधमसिंहनगर-नैनीताल प्रथम, लोकसभा हरिद्वार द्वितीय एवं उत्तरकाशी तृतीय स्थान पर रहा, जबकि अंडर-14 बालक मलखम्ब में लोकसभा हरिद्वार प्रथम रहा। गोली (कंचा) अंडर-14 गाँव प्रतियोगिता में लोकसभा हरिद्वार प्रथम तथा बालक वर्ग में संसदीय क्षेत्र उधमसिंहनगर-नैनीताल प्रथम स्थान पर रहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर आशीर्वचन दिए। कार्यक्रम में युवा कल्याण, खेल विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कार्मिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन नोडल मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी, हरिद्वार मुकेश कुमार भट्ट द्वारा किया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को जनपद स्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं कराटे प्रतियोगिता का ट्रायल योग स्थलीय खेल परिसर, रोशनाबाद में आयोजित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं दो फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।