हरिद्वार। मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी 2025–26 के अंतर्गत राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में 27 से 29 जनवरी तक आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग की बालक एवं बालिका टीम ने ट्रॉफी जीतकर हरिद्वार वापसी की, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-14 के साथ-साथ अंडर-19 वर्ग में भी हरिद्वार के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। हरिद्वार पहुंचने पर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया और सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी देश का भविष्य हैं और इन्हीं के माध्यम से भारत को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी न केवल देश बल्कि विदेशों में भी बास्केटबॉल में अपना परचम लहराएंगे।
संगठन के चेयरमैन रवि बजाज ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को इसी प्रकार मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहना चाहिए, ताकि वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खेल महाकुंभ के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।
संगठन के सचिव संजय चौहान ने कहा कि हरिद्वार में बास्केटबॉल का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
स्वागत समारोह में बलराम कपूर, सुनील अग्रवाल, प्रकाश केसवानी, अनिल गोयल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।