हरिद्वार में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी की समाधि मंदिर मूर्ति का अनावरण

हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन परम पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का शुक्रवार को विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर समाधि मंदिर एवं प्रतिमा का अनावरण किया गया।

समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित अनेक संत-महात्मा और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी की साधना और विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने हरिद्वार को भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बताते हुए संस्कृति संरक्षण को राष्ट्र रक्षा का अहम आधार बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गुरुदेव ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव को सशक्त किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में देशभर से संत, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *