ज्वालापुर स्टेशन मास्टर पर दुर्व्यवहार का आरोप, 84 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक ने की कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन हरिद्वार के अध्यक्ष एवं 84 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी चौचरण सिंह ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत प्रेषित की है।

शिकायत के अनुसार 10 फरवरी 2026 को वह रेलवे स्टेशन कांठ से टिकट संख्या यूएएच 91223750 लेकर सवारी गाड़ी संख्या 54463 में सवार हुए थे। आरोप है कि पथरी रेलवे स्टेशन पर उक्त सवारी गाड़ी को एक्सप्रेस ट्रेन को क्रॉस कराने के लिए लगभग 50 मिनट तक रोका गया। इस संबंध में वह ज्वालापुर स्टेशन पर शिकायत एवं सुझाव पुस्तिका में यह दर्ज कराना चाहते थे कि सवारी गाड़ी को इतनी देर तक रोके रखना उचित है या नहीं।

चौचरण सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने ज्वालापुर स्टेशन मास्टर श्री मिश्रा से शिकायत एवं सुझाव पुस्तिका मांगी तो उन्हें पुस्तिका उपलब्ध नहीं कराई गई, बल्कि डांट-फटकार कर कहा गया कि वे हरिद्वार के बजाय ज्वालापुर स्टेशन पर क्यों उतरे हैं और उन पर कार्रवाई की बात कही गई। उनका कहना है कि शिकायत पुस्तिका मांगना प्रत्येक यात्री का अधिकार है और इसे न देना अधिकारों का दुरुपयोग है।

उन्होंने स्वयं को मानसिक रूप से आहत बताते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *