पुलिस ने किया कुनाल हत्याकांड का खुलासा

हरिद्वार । कुनाल हत्याकांड का खुलासा करते हुए थाना कनखल व सीआईयू टीम ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी बहनों पर अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर कुनाल की पत्थर से कुचलकर हत्या कर फरार हो गया था। आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

कनखल थाने में प्रैसवार्ता के दौरान घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात बालक का लहूलुहान शव मिला था। मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन कर जांच शुरू की गयी। जांच पड़ताल के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में मृतक कुनाल शराब के ठेके पर शराब खरीदते हुए और एक व्यक्ति के स्कूटी पर जाता हुआ दिखा। स्कूटी सवार की जांच की गयी तो उसकी पहचान अरविन्द उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद से मथुरा फरार हो गया था। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अरविन्द उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा पतवारी मन्दिर के पीछे दुर्गा कालोनी थाना गोवर्धन मथुरा का रहने वाला है और कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ लाटोवाली कनखल में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह और कुनाल आपस में दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसकी बहनों पर गंदे लांछन लगाने लगा। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने उसे थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस टीम में थाना कनखल एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई सतेन्द्र भण्डारी, एएसआई ललित मोहन अधिकारी, एएसआई नन्द किशोर, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, उमेद सिंह, मनीष रावत व विशन सिंह के अलावा सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, सीआईयू  कांस्टेबल हरबीर सिंह, वसीम व नरेंद्र, नगर कोतवाली के एसआई अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल सतीश नौटियाल, रानीपुर कोतवाली के कांस्टेबल दीप गौड़ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *