हरिद्वार । पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मध्य हरिद्वार में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को हम समर्पण दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय व एकात्म मानववाद के प्रणेता, महान राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र के विकास का परिचायक है। उनका तपस्यापूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए आजीवन समर्पित रहा। राष्ट्र के पुनर्निर्माण की उनकी विचारधारा हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। मेयर किरण जैसल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में सबका साथ, सबका विकास की भावना उनके चिंतन की ही जीवंत अभिव्यक्ति है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, नारी और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक से भारतीय जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का पंडित दीनदयाल उपाध्याय का वैचारिक और संगठनात्मक योगदान भारतीय राजनीति में एक मूल्यपरक दृष्टि का परिचायक है। अंत्योदय और एकात्म मानववाद के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रनिर्माण को सामाजिक समरसता, सेवा और आत्मनिर्भरता से जोड़ा। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की विचारधारा ने सेवा-भाव को राजनीति की आत्मा के रूप में स्थापित किया है, जो राष्ट्रनिर्माण के पथ पर सदैव दिशा और प्रेरणा प्रदान करती रहेगी सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का समग्र मानवतावाद का सिद्धांत आज भी पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक है। जिला उपाध्यक्ष तरुण नैयर ने कहा कि करुणा के साथ सबसे पिछड़े और वंचित लोगों की सेवा करना और नैतिकता पर आधारित सार्वजनिक जीवन को बनाए रखना उनके जीवन का संदेश है। श्रद्धांजलि देने वालों में मुकेश कौशिक, राजकुमार अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट, राजेंद्र कटारिया, प्रशांत शर्मा, किशन बजाज, सरदार हरमोहन सिंह, पार्षद मोनिका सैनी, सुनील सैनी, गौरव वर्मा, अनिल कुमार, गौरव भाटिया, विष्णु अग्रवाल, हिना दुआ आदि शामिल रहे।