व्यय वित्त समिति ने 197 करोड़ से अधिक के प्रस्तावों को दी मंजूरी

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के करीब 197 करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए।

बैठक में चम्पावत रोडवेज परिसर में 64.94 करोड़ की लागत से आधुनिक स्टोरी पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स “सिटी सेंटर चम्पावत” के निर्माण को मंजूरी दी गई। वहीं टिहरी मुख्यालय के माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग, पाथ, स्ट्रीट लाइट व शौचालय निर्माण के लिए 11.25 करोड़ स्वीकृत किए गए।

शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को निशुल्क नोटबुक देने के लिए 52.84 करोड़ मंजूर हुए। इसके अलावा लोहाघाट, किच्छा और ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के पुनर्निर्माण हेतु 55 करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी गई।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में दो डबल लेन पुलों के निर्माण के लिए भी 25.68 करोड़ की मंजूरी दी गई। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *