हरिद्वार। अगले वर्ष प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने रफ्तार बढ़ा दी है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार सुबह बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़कों, घाटों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए। घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैरागी कैंप में अखाड़ों के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का समतलीकरण और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।
मेलाधिकारी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात प्रबंधन की प्रभावी योजना बनाई जाए। दक्षद्वीप पार्किंग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक संपर्क मार्ग विकसित करने और कनखल क्षेत्र में वैकल्पिक मार्गों की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए।
बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मेला क्षेत्र की भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश देते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान उप मेलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।