हरिद्वार। संत मंडल आश्रम, हरिद्वार में ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 आचार्य जगदीश मुनि जी महाराज (पूर्व विधायक, भाजपा हरिद्वार) का 15वां निर्वाण दिवस पुण्यतिथि पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अखाड़ों के महामंडलेश्वर, संत-महापुरुषों सहित सैकड़ों संतों और हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आश्रम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज ने की, जबकि संचालन आचार्य अरविंद शास्त्री एवं स्वामी रवि देव शास्त्री ने किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, स्वामी हरिहरानंद, महामंडलेश्वर स्वामी भगवत्स्वरूप, महंत राघवेंद्र दास, महंत चिदविलासानंद, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, महंत गोविंद दास, महंत सूर्यांश मुनि सहित अनेक संत-महापुरुष एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वामी हरिचेतनानंद ने कहा कि जगदीश मुनि को समस्त हरिद्वार संत समाज का एकतरफा समर्थन प्राप्त था, जिसने उन्हें भाजपा का विधायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में किसी भी संत को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
भाजपा विधायक आदेश चौहान ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और राम मंदिर आंदोलन में भूमिका पर प्रकाश डाला। पूर्व मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने बताया कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान उनकी अगुवाई में राम ज्योति यात्रा निकाली गई, जिसमें लाखों रामसेवकों ने सहभागिता की। बाबरी विध्वंस प्रकरण में जिन सात प्रमुख व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज हुआ था, उनमें उनका नाम भी शामिल रहा।
प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि हिंदुत्व के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। प्रदेश प्रवक्ता संदीप सिंहानिया ने कहा कि वे समस्त हिंदू समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
श्रद्धांजलि संबोधन में स्वामी राम मुनि ने साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन के समय उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिला पूजन और ज्योति यात्रा के आयोजन में हरिद्वार से उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई तथा सच्चाई और त्याग के पथ पर चलते हुए भाजपा के लिए नए आयाम स्थापित किए।
हरिद्वार की मेयर श्रीमती किरण जैसल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मेदान्ता अस्पताल के प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम द्वारा आश्रम परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों रोगियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। डॉ. विपुल रोहिला (संगीत शास्त्री) की टीम द्वारा प्रस्तुत भक्ति संगीत एवं सारगर्भित भजनों ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजबीर कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर ब्रह्मलीन जगदीश मुनि को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।