हरिद्वार। शांतिकुंज में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंजाबी समाज उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज प्रमुख डॉ. चिन्मय पांड्या ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पांड्या ने कहा कि पंजाबी समाज सर्व धर्म सम्मान और सर्व समाज सेवा के लिए पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जैसे संतों ने विश्व को नई दिशा देने का कार्य किया, जिनकी शिक्षाएं आज भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि सुनील सेठी जैसे युवाओं को प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने शांतिकुंज प्रमुख का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शांतिकुंज विश्व की जानी-मानी सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था है, जो धर्म और संस्कारों का मार्गदर्शन करती है तथा लोगों को गायत्री मंत्र के माध्यम से आध्यात्मिक जागरण के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि भैया जी के नेतृत्व में संस्था ने वैश्विक स्तर पर जागरूकता की नई क्रांति पैदा की है और करोड़ों लोग इससे जुड़े हैं।
सुनील सेठी ने कहा कि शांतिकुंज का आशीर्वाद संगठन को जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊर्जा देगा। कार्यक्रम में कृष्ण कुमार महाजन और हरविंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।