हरिद्वार । धर्मनगरी हरिद्वार में रंगों के त्यौहार होली की रौनक छायी हुई है। बाजार पर भी इसका असर दिख रहा है। मुख्य बाजारों से लेकर गली मोहल्लों की दुकानें तक तरह-तरह की पिचकारी, रंग, गुलाल रंग-बिरंगी पिचकारियों से सज गयी हैं। इस वर्ष पारंपरिक पिचकारियों के साथ सिलेंडर वाली पिचकारी बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रही है। 1 लीटर से लेकर 25 लीटर तक की सिलेंडर पिचकारी दुकानों पर उपलब्ध हैं। रंग बिरंगे बालों वाली टोपी, तरह-तरह के डिजाइनर मास्क, इलेक्ट्रॉनिक पिचकरियां, हर्बल चंदन, ग्लास मैजिक, हमर मैजिक पिचकारिया भी खूब बिक रही हैं। छोटे बच्चों के लिए बटन दबाने वाली पिचकारी भी उपलब्ध हैं। हथौड़े एवं कुल्हाड़ी वाली पिचकारी भी खूब पसंद की जा रही है। गदर-2 से प्रेरित हथौड़ा पिचकारी और पुष्पा-2 की तर्ज पर कुल्हाड़ी पिचकारी बच्च और युवा जमकर खरीद रहे हैं। आकर्षक रंगों और अनोखे आकार वाली ये पिचकारियां पहली नजर में ही ग्राहकों को लुभा रही हैं। व्यापारी गौरव शर्मा ने बताया कि इस बार नई डिजाइन की पिचकारियों की मांग पारंपरिक मॉडलों से अधिक है। किशोर और युवा वर्ग फिल्मी स्टाइल को खास पसंद कर रहे हैं। पारंपरिक लाल, गुलाबी, पीले और हरे गुलाल के साथ हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग भी बढ़ी है। अभिभावक बच्चों की त्वचा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कई दुकानों पर फूलों से बने प्राकृतिक रंग भी बिक रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर गुजिया, मठरी, नमकीन और ठंडाई की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ खरीददारों की भीड़ बढ़ने से व्यापारी उत्साहित हैं और बेहतर कारोबार की उम्मीद कर रहे है।