नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में देर रात एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि महिला दोपहर के समय अपने मवेशियों के लिए जंगल घास लेने गई थी। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला का कोई पता नहीं चला, तो इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। देर रात जंगल में महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया। शव की स्थिति देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि महिला पर गुलदार ने हमला किया और उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते लंबे समय से गांव के आसपास गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। कई बार वन विभाग से पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
मामले में डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया जंगल से महिला का शव बरामद हुआ है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. साथ ही गांव में पिंजरा लगाया जा रहा है। वहीं महिला के डीएनए सैंपल भी लिए जा रहे हैं।