शराब की दुकान का विरोध पूर्व नियोजित षडयंत्र तो नहीं! 

काशीपुर। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद यहां चैती चौराहे पर खुली नई अंग्रेजी शराब की दुकान के विरोध में हो रहा बवाल सवालों के घेरे में है, यह विरोध प्रदर्शन कम और पूर्व नियोजित षडयंत्र ज्यादा प्रतीत हो रहा है। जिसके चलते दुकान के अनुज्ञापी को तो नुकसान हो ही रहा है, सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है। 

 उल्लेखनीय है कि यहां चैती चौराहे के नजदीक खुली अंग्रेजी शराब को लेकर विगत दिवस छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा व कुछ महिलाओं ने शराब की दुकान खोले जाने को लेकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया था। इन लोगों का कहना था की दुकान के नजदीक कई मंदिर और स्कूल हैं, शराब की दुकान खुलने के बाद यहां का माहौल खराब हो जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा का कहना था कि उन्होंने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर शराब की दुकान ना खोले जाने का अनुरोध किया था उसके बावजूद दुकान खोल दी गई है। प्रदर्शन की सूचना पाकर आबकारी विभाग की टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान प्रदर्शन करियों शामिल एक महिला ने जबरन शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर डाली। आबकारी विभाग की मौजूदगी में इस महिला ने दुकान में रखी शराब की बोतले उठाकर दुकान के गेट पर पटक नहीं शुरू कर दी, बाहर खड़े आबकारी विभाग के सिपाही कैलाश भट्ट के हाथ और सिर में बोतल का कांच लगने से वह चोटिल हो गए।

 उपरोक्त दुकान को लेकर किया जा रहा विरोध प्रदर्शन सवालों के घेरे में है, इसे पूर्व नियोजित षडयंत्र बताते हुए लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि विरोध करने वालों में ज्यादातर लोग स्थानीय निवासी नहीं थे, जिस महिला ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की वह भी कुंडेश्वरी की बताई जाती है। कुंडेश्वरी और इस दुकान की दूरी 5 किलोमीटर है। इसके अलावा इसी दुकान के पास दो शराब की दुकान पहले से ही खुली हुई है, जिनका आज तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया। 

 विरोध प्रदर्शन में कुछ स्थानीय अनुज्ञापियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। शासन से विज्ञप्ति जारी होने के बाद उपरोक्त दुकान के लिए कुल 26 लॉटरी डाली गई थीं जनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी लॉटरी डाली थीं परंतु लॉटरी में यह दुकान खटीमा के एक शराब व्यवसायी की निकली। काशीपुर में भले ही उनकी यह पहली दुकान हो परंतु बाजपुर और रुद्रपुर में उनकी अन्य कई दुकानें हैं। गुप्त सूत्र बताते हैं कि स्थानीय अनुज्ञापियों को यही बात हजम नहीं हो रही है।

 इस मामले में विस्तृत जानकारी के लेने के लिए आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने अपनी आदत के अनुरूप फोन रिसीव नहीं किया। बाद में इस मामले में जानकारी लेने पर जिला आबकारी अधिकारी एम.एस. बिष्ट ने बताया कि उपरोक्त अंग्रेजी शराब की दुकान सभी मानकों को पूरा करने के बाद खोली गई है, इस दुकान से सरकार को करीब दो करोड रुपए का राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि दुकान में की गई तोड़फोड़ और नुकसान के खिलाफ संबंधित अनुज्ञापी द्वारा कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी गई है। अनावश्यक विरोध और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *