भूमिगत विद्युत लाइन की लापरवाही से स्थानीय जनता और श्रद्धालु परेशान

हरिद्वार। गंगानगरी के कई क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइन की खराबी के कारण स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात्रि में लगभग 6 घंटे और सुबह करीब 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

बिजली कटौती के चलते व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है, वहीं होटल और धर्मशाला संचालकों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विद्युत विभाग की ओर से भूमिगत लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है, लेकिन कर्मचारियों और अधिकारियों की लेटलतीफी के कारण समस्या का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है।

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर बताया कि भूपतवाला, सत्यम विहार, गंगा विहार, जसविंद्र, खड़खड़ी और भारत माता पुरम से लेकर हर की पौड़ी तक के क्षेत्रों में रोजाना कई घंटों तक बिजली संकट बना हुआ है।

उन्होंने ठेकेदारों की लापरवाही, रात्रि में कार्य न किए जाने और कार्य में देरी को इस समस्या का मुख्य कारण बताया है।

सुनील सेठी ने चेतावनी दी कि यात्रा सीजन और गर्मी का समय शुरू होने वाला है। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो स्थानीय जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

इस दौरान मनोज सिंह, लाल जी यादव, अमित शर्मा, हरिमोहन भारद्वाज, विवेक शर्मा, आनंद यादव, राम सिंह, देवेंद्र अरोड़ा, हरीश अरोड़ा और राहुल सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *