चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में छापेमारी, 4 ढाबों को नोटिस

हरिद्वार में चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नेशनल हाईवे-58 के बादराबाद क्षेत्र में ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट्स पर विशेष अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान 14 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 4 ढाबों में फूड लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

टीम ने संबंधित संचालकों को दो दिन के भीतर लाइसेंस बनवाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, एक ढाबे को अपनी श्रेणी बदलकर रेस्टोरेंट के रूप में पंजीकरण कराने को कहा गया। जिन स्थानों पर फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड नहीं मिला, वहां उसे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *