देहरादून। प्रदेश में शिक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्यभर में 50 ‘स्विफ्ट स्कूल’ स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग और ConveGenius Foundation के बीच एमओयू साइन हुआ है।
इस योजना के तहत चयनित स्कूलों में आधुनिक डिजिटल अवसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे छात्रों को उनके स्तर के अनुसार पढ़ाई कराई जा सके। साथ ही शिक्षकों को डेटा आधारित सहायता मिलेगी, जिससे वे अधिक प्रभावी तरीके से पढ़ा सकेंगे।
मंत्री ने बताया कि Amazon Web Services के सहयोग से सीएसआर फंड के तहत 1000 लैपटॉप भी छात्र-छात्राओं को वितरित किए जाएंगे। इससे स्विफ्ट स्कूलों के संचालन को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश में इन स्कूलों के लिए 50 विद्यालयों का चयन किया जा चुका है। इनमें पौड़ी और चम्पावत के 19-19 तथा देहरादून और हरिद्वार के 6-6 स्कूल शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द इन स्कूलों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।