रुद्रपुर। चलती ट्रेन में हथियारों के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो कर्मचारियों से बदमाशों ने 7 लाख रुपये लूट लिए और ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास करीब 7 लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उन्होंने बेल्ट में बांधकर रखा हुआ था। आशंका है कि बदमाशों को पहले से इस रकम की जानकारी थी।
बताया जा रहा है कि तीन बदमाश भी उसी ट्रेन में सवार थे और पूरे समय दोनों कर्मचारियों पर नजर बनाए हुए थे। जैसे ही ट्रेन यूपी के बिलासपुर स्टेशन के पास धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों को घेर लिया और पिस्टल व तमंचे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
लूट के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
मामले की सूचना मिलते ही Railway Protection Force हरकत में आ गई। आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
घटना के विरोध में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी रेलवे स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।