हरिद्वार। रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में दीनदयाल पार्किंग के पास हुए फक्कड़ बाबा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को सूचना मिली थी कि अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक बाबा पर एक नेपाली मूल के व्यक्ति ने हमला कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को करीब 40-45 वर्षीय बाबा गंभीर रूप से घायल मिले, जिनके सिर और माथे पर गहरी चोटें थीं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों और यात्रियों से पूछताछ की। कुछ लोगों ने बताया कि घटना के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर जाते देखा गया था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने वहां तलाशी ली और एक पेड़ के नीचे सो रहे संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा बताया, जो नेपाल का रहने वाला है और कुछ दिन पहले ही हरिद्वार आया था। उसने बताया कि रहने की जगह को लेकर पहले उसका बाबा से विवाद हुआ था, जिसमें उसे चोट लगी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना वाले दिन आरोपी ने नशा किया हुआ था। जब वह दोबारा बाबा के पास पहुंचा तो दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने पहले डंडे से हमला किया और डंडा टूटने पर पत्थर से कुचलकर बाबा की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी दीपक थापा (पुत्र रामबहादुर थापा, निवासी लुम्बिनी, नेपाल) को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।