हरिद्वार: जिले में बासमती धान की क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के निर्देशन में इसके लिए रणनीति तैयार की गई है। पहले चरण में 100 एकड़ क्षेत्र में 100 किसानों के साथ बासमती उत्पादन शुरू किया जाएगा।
बहादराबाद और भगवानपुर विकासखंडों में 50-50 एकड़ के दो क्लस्टर बनाए गए हैं। इनमें ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की महिला लाभार्थियों, कृषि विभाग के किसानों और गुजर समुदाय को शामिल किया गया है। योजना के तहत बासमती को “फार्म टू टेबल” मॉडल पर पूरी वैल्यू चेन के साथ विकसित किया जाएगा।
विकास भवन में आयोजित बैठक में वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों को उत्पादन तकनीक, नर्सरी प्रबंधन, रोग-कीट नियंत्रण की जानकारी दी। सीडीओ ने कहा कि इस योजना को मिशन मोड में लागू कर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और निर्यात तक ले जाया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके।
बैठक में कृषि विभाग, रीप परियोजना और विभिन्न क्षेत्रों के किसानों ने भाग लिया।