राहतःपिंजरे में कैद हुआ गुलदार, आदमखोर है या नही इसकी जांच करेगा वन विभाग

नैनीताल। जिले के भीमताल और जौलीकोट क्षेत्र में गुलदार की दहशत के बीच मंगलवार सुबह वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार भीमताल ब्लॉक के मोरा गांव में कैद हुआ है। यह गुलदार आदमखोर है या नही वन विभाग इसकी जांच करेगा।

 भीमताल क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि वन विभाग अभी यह पुष्टि करने में जुटा है कि पकड़ा गया गुलदार ही आदमखोर है या नहीं। जानकारी के अनुसार, मोरा गांव के पास लगाए गए पिंजरे में देर रात गुलदार फंस गया। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां बढ़ने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। खासकर पास के भदयूनी गांव में छह दिन पहले युवक कमल सिंह बिष्ट को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया था। जिसके बाद वन विभाग पर गुलदार को पकड़ने का दबाव बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि इससे पहले मोरा गांव से सटे सूर्याजाला और ज्योली क्षेत्र में भी दो महिलाओं को गुलदार ने अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते वन विभाग ने मोरा, भदयूनी समेत आसपास के कई गांवों में पिंजरे लगाए थे और गश्त भी बढ़ा दी थी। वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) नितिन पंत ने बताया कि पिंजरे में कैद हुए गुलदार की जांच की जा रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यही गुलदार आदमखोर है। विशेषज्ञ टीम द्वारा उसके व्यवहार और अन्य पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *