देहरादून। राजधानी देहरादून के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। नर्सिंग एकता मंच से जुड़े चार अभ्यर्थी सुबह सर्वे चौक के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।
अभ्यर्थियों के समर्थन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी टंकी पर चढ़ गईं। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अन्य आंदोलनकारी टंकी के नीचे धरना देकर नारेबाजी करते रहे।
बताया जा रहा है कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 156 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं, जबकि 22 दिनों तक आमरण अनशन भी किया जा चुका है। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल ने कहा कि कई बार संवाद की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि आमरण अनशन के दौरान 12 अभ्यर्थियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि 5 की हालत गंभीर होने पर आईसीयू में इलाज हुआ।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि भर्ती नियमावली को वर्षवार स्थायी किया जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही आईपीएचएस मानकों के अनुसार पूर्व की तरह 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती फिर से शुरू की जाए।
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। टंकी पर चढ़ने वालों में कविता, विनोद, आनंद, धर्मेंद्र और ज्योति रौतेला शामिल हैं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा और वे नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ी हैं।