हरिद्वार में दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। सोमवार को सुल्तानपुर, लक्सर और कनखल में मिठाई निर्माण इकाइयों एवं दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों सहित कुल 10 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
इस दौरान मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (FSW) ने 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की, जिनमें 13 उत्पाद मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन्हें मौके से हटवाया गया। वहीं खाटू श्याम स्वीट्स से करीब पांच किलो खराब मिठाई भी हटवाई गई।
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने तथा निर्माण कक्षों में गंदगी मिलने पर आजाद स्वीट्स, खाटू श्याम स्वीट्स, लक्ष्मी स्वीट्स और खन्ना स्वीट हाउस को नोटिस जारी किए गए। विभाग ने प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली तक जनपद में अभियान जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।