बाजपुर सर्किल का आबकारी विभाग अवैध वसूली को लेकर चर्चाओं में

बाजपुर ।अक्सर विवादों में रहने वाले बाजपुर सर्किल के आबकारी इंस्पेक्टर आजकल फिर चर्चाओं में हैं, पता चला है कि तीन वर्ष पूर्व आबकारी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर को जेल भिजवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले एक पीआरडी जवान के साथ इंस्पेक्टर साहब की खूब घुट रही है। जेल जा चुका है यह कथित पीआरडी जवान न केवल आबकारी विभाग के साथ दबिश में जा रहा है, बल्कि अवैध शराब के कारोबारियों से विभाग के नाम पर खुलकर अवैध वसूली कर रहा है।

 उल्लेखनीय है कि तीन वर्ष पूर्व 2024 में आबकारी विभाग ने लाखों रुपए की अवैध शराब से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी थी, जिला आबकारी अधिकारी के रुद्रपुर स्थित कार्यालय में खड़ा उपरोक्त ट्रैक्टर मिली भगत के चलते रातों-रात बदल दिया गया था। यह संगीन मामला उजागर होने के बाद इस मामले में आबकारी विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर पन्नालाल और ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान धर्मवीर सिंह सहित कई लोगों के विरुद्ध न केवल मुकदमा दर्ज हुआ था बल्कि उपरोक्त लोगों को जेल भी जाना पड़ा था। यह मामला अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है। बताया जाता है कि इस पूरे मामले में पीआरडी जवान धर्मवीर मुख्य भूमिका में था, जेल जाने के बाद उसे पीआरडी से भी निलंबित कर दिया गया। 

 आबकारी विभाग के ए.सी. को जेल भिजवाकर पूरे विभाग को हाशिये पर लाने वाला यह पीआरडी जवान आजकल आबकारी विभाग के बाजपुर सर्किल में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। जानकारी मिली है कि बाजपुर के आबकारी इंस्पेक्टर महेंद्र बिष्ट के रहमों_करम पर धर्मवीर नाम का यह व्यक्ति क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों से विभाग के नाम पर अवैध वसूली करता है, और जेल भिजवा देने की धमकी देता है। मन मुताबिक सौदेबाजी ना होने पर उनके यहां आबकारी विभाग की दबिश डलवाता है। आश्चर्यजनक बात तो ये है कि आबकारी विभाग की दबिश में भी धर्मवीर नाम का यह व्यक्ति आबकारी की टीम के साथ होता है, ताकि अवैध शराब कारोबारियो में अपना खौफ पैदा कर सके। विगत दिवस मड़ैया हट्टू में दी गई दबिश में धर्मवीर कार्रवाई का वीडियो बनाता नजर आया। पूरे प्रकरण में चौंकाने वाली बात यह है कि आबकारी विभाग की फजीहत कराने वाले धर्मवीर नामक इस व्यक्ति पर यहां के आबकारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह बिष्ट का वर्धहस्त है, कमोवेश बाजपुर क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा खूब फल फूल रहा है। आबकारी इंस्पेक्टर की इन मनमानी गतिविधियों से विभाग के आला अफसर अभी तक कैसे अनजान हैं ये भी आश्चर्यजनक बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *