हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने उत्तरी हरिद्वार के गंगा घाटों पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन, कुंभ मेला अधिकारी और सिंचाई विभाग से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सप्तसरोवर घाट से सर्वानंद घाट तक समेत शहर के विभिन्न घाटों पर डूबने से होने वाली मौतों की बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। आगामी कांवड़ मेले और भविष्य के कुंभ आयोजन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
सुनील सेठी ने अग्रसेन घाट पर युवक की डूबने से हुई मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि घाटों के रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने वाले लोग भी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सभी घाटों पर रेलिंग, चेन, सीढ़ियों की मरम्मत, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य किए जाएं। साथ ही घाटों की देखरेख करने वाले संबंधित लोगों की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
मांग करने वालों में जनार्दन पांडे, लालजी यादव, राजेश पांडे, आशीष अग्रवाल, राकेश सिंह, एस.एन. तिवारी, उमाशंकर सिंह, हरिमोहन भारद्वाज, प्रवीण शर्मा, राहुल अरोड़ा, अमित सिंह, देवेंद्र अरोड़ा, अनिल शर्मा, सचिन अग्रवाल और सोनू चौधरी शामिल रहे।