हरिद्वार। भूपतवाला से हरिद्वार की ओर आ रही यात्रियों से भरी एक बस रविवार सुबह सप्तऋषि क्षेत्र के पास हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 37 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या AR-06-C-0963 में राजस्थान के नागौर जिले के 45 यात्री सवार थे। सुबह करीब 7:30 बजे बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल मेला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।
उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा ने मेला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की निवासी 50 वर्षीय पुष्पकंवर पत्नी भंवर सिंह की मृत्यु हो गई। दुर्घटना में 37 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 29 महिलाएं, छह पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज मेला चिकित्सालय में जारी है।