हरिद्वार
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत प्रशिक्षण से वंचित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण 25-हरिद्वार, 26-बीएचईएल रानीपुर, 35-हरिद्वार ग्रामीण एवं 27-ज्वालापुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने कहा कि सभी प्रतिभागी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दक्षता से करें और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।
प्रशिक्षण में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
उन्होंने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्रों, समयबद्ध कार्यवाही और समन्वय के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविन्द कुर्ल, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी सहित सभी BLO, सुपरवाइजर एवं BLA उपस्थित रहे।