हरिद्वार। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में बुधवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन में नगर निगम एवं जिला प्रशासन की टीमों ने नगरीय क्षेत्र से लेकर विभिन्न तहसीलों तक सरकारी भूमि, सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
नगर क्षेत्र में ललतारौ पुल से अपर रोड तक व्यापक अभियान चलाया गया, जहां मार्ग एवं नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान कुछ स्थानीय व्यापारियों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई सुचारु रूप से पूरी की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नालियों के ऊपर या उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान या निर्माण सामग्री रखी गई तो उसे जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं रुड़की क्षेत्र में कलियर से धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस दौरान करीब 200 अवैध रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए, जबकि तीन स्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
लक्सर बाजार में भी सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान पांच लोगों के चालान किए गए और सभी को सख्त चेतावनी दी गई।
उधर, भगवानपुर तहसील में प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। उप जिलाधिकारी ने कहा कि यदि लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, नगर निगम अधिकारी, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौजूद रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।