हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छनमन कैप चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रोशनाबाद स्थित बाल कल्याण समिति, हरिद्वार में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति में रह रहे बच्चों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डॉ. बबीता योगाचार्य ने बच्चों को योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए बताया कि योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से योग करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” पर भी प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि योग केवल रोगों से बचाव का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन जीने की आधारशिला है। बढ़ती उम्र के साथ योग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है तथा यह शरीर और मन दोनों को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है।
इस अवसर पर ट्रस्ट की प्रदेश उपाध्यक्ष नीरू कौशिक, प्रदेश युवा प्रभारी आरती मेहता, मीडिया प्रभारी दीपा माहेश्वरी, जिला प्रभारी सचिन सविता तथा जिला मंत्री संगीता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।