चारधाम, कांवड़ और कुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार में चला बुलडोजर, रेलवे भूमि से हटाईं 45 झुग्गियां

हरिद्वार। चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेले और कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को टीबड़ी रेलवे अंडरब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई करीब 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ-साथ आगामी कांवड़ और कुंभ मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए सरकारी भूमि, सड़क किनारों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत समेत रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *