काशीपुर-धामपुर रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, सर्वे रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल को सौंपी

काशीपुर। लंबे समय से प्रस्तावित काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन परियोजना को लेकर नई प्रगति सामने आई है। इज्जतनगर मंडल द्वारा सर्वे कार्य पूरा कर उसकी रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल को सौंप दी गई है। अब मुरादाबाद मंडल की ओर से सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है, जो अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

करीब 62 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित रेलवे लाइन काशीपुर, जसपुर और धामपुर के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित करेगी। यह परियोजना पिछले लगभग 15 वर्षों से फाइलों में अटकी हुई है। कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को जोड़ने वाली इस रेल लाइन का दो बार सर्वे किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार प्रस्तावित रेल मार्ग का लगभग 38 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में आएगा। लाइन पर बनने वाले अधिकांश बड़े पुल भी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में प्रस्तावित हैं। दोनों राज्यों के बीच समन्वय की कमी के चलते योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी।

वर्ष 2011 में पहली बार इस परियोजना का सर्वे हुआ था। इसके बाद करीब चार वर्ष पहले दोबारा सर्वे कराया गया, लेकिन इसके बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ सकी। वर्तमान में काठगोदाम से देहरादून जाने वाले यात्रियों को रामपुर और मुरादाबाद होकर लंबा सफर तय करना पड़ता है। मुरादाबाद जंक्शन पर ट्रेनों की अधिक आवाजाही के कारण यात्रियों को कई बार घंटों इंतजार भी करना पड़ता है।

नई रेल लाइन बनने से देहरादून की दूरी लगभग 50 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा समय में करीब दो घंटे की बचत होने की संभावना है। साथ ही काशीपुर, जसपुर और धामपुर क्षेत्र के लोगों को सस्ती, सुगम और तेज यात्रा सुविधा मिल सकेगी। परियोजना के पूरा होने पर काशीपुर और धामपुर रेलवे स्टेशनों का विस्तार होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुरादाबाद मंडल के डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन के सर्वे का कार्य जारी है। प्रस्तावित मार्ग पर काशीपुर, ठाकुरद्वारा, जसपुर, भूतपुरी, शेरकोट और धामपुर स्टेशन विकसित किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *