हर की पौड़ी के प्रमुख घाटों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के जवानों ने भी संभाली कमान

हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर की पौड़ी क्षेत्र के शिव घाट, सुभाष घाट, मालवीय घाट और विष्णु घाट सहित विभिन्न घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, भारतीय स्काउट एवं गाइड, नगर निगम, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। वहीं नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सफाई अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार के निर्माण में जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।

उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, जनपदवासियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें तथा कूड़ा-कचरा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और खुले स्थानों पर न फेंकें। कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम द्वारा स्थापित डस्टबिन का ही उपयोग करें, ताकि गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे।

अभियान में नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सोनिया सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, गंगा सभा के सदस्य, आदर्श युवा समिति, आस्था सेवा संस्थान, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के जवानों सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *