हरिद्वार । गंगा तट पर बसी धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन आयोजन को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए संत समाज के सुझावों और मार्गदर्शन को भी विशेष महत्व दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन लगातार अखाड़ों और आश्रमों के संतों से संवाद कर रहा है, ताकि सभी व्यवस्थाएं परंपराओं और संत समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप सुनिश्चित की जा सकें।
गुरुवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न संतों से मुलाकात कर कुंभ 2027 की तैयारियों की जानकारी साझा की तथा उनके सुझाव प्राप्त किए।
संतों ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिकता, ज्ञान, तप और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का विराट उत्सव है। उन्होंने तैयारियों पर संतोष जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।