रुद्रपुर औद्योगिक राजधानी, उत्तराखंड के विकास का ग्रोथ इंजन : मुख्यमंत्री धामी

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को न्यूज-18 के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास विजन को साझा करते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और रुद्रपुर आज औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में दूसरे एम्स का निर्माण तेजी से चल रहा है, जबकि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित होने से पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाते हुए अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। युवाओं के हित में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। दंगा विरोधी कानून लागू होने से कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकसित उत्तराखंड का निर्माण कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *