कोचिंग सेंटरों के लिए सख्त नियम बनाने की मांग, पीएम के नाम भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने देशभर में संचालित कोचिंग सेंटरों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू करने की मांग उठाई है। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में मांग की गई है कि दूसरी मंजिल से अधिक ऊंचाई तथा बेसमेंट में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। संस्था ने सुझाव दिया कि भविष्य में केवल भूतल से दूसरी मंजिल तक ही कोचिंग सेंटर संचालित करने की अनुमति दी जाए।

संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कई हादसों में छात्रों की जान गई है। यदि कोचिंग सेंटर कम ऊंचाई पर संचालित होंगे तो किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकलने में आसानी होगी। वहीं बेसमेंट में कोचिंग संचालित न होने से जलभराव जैसी दुर्घटनाओं से भी बचाव संभव होगा।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि प्रत्येक कोचिंग कक्ष में छात्रों की संख्या निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए तथा सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। संस्था का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जीवनभर की कमाई शिक्षा पर खर्च करते हैं, ऐसे में सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, सचिव नन्दकिशोर आर्या, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मनीषा आर्या, कल्पना भंडारी, अलका टंडन, सुनीता तिवारी, रोहतास प्रजापति, योगेश कश्यप, मोनिका आर्या, खुशी नागर, जानकी कश्यप, सूरज मिस्त्री, नमन तिवारी, दीपक कुमार, सुशील राय, मुकेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *