देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित पांच अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होगी।
उन्होंने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 182 का चयन हुआ। इसे उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पद का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं तथा दूरदराज से आने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों में सम्मान और समयबद्ध समाधान मिले।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। 187 नए नियुक्त युवाओं के जुड़ने से यह अभियान और मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “उत्तराखंड के दशक” के संकल्प को साकार करने में नवचयनित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।