देहरादून। कार्यालय जाते समय एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सड़क डिवाइडर पर पौधारोपण और रखरखाव कार्य में लगे कर्मचारियों के बीच पहुंचकर पौधों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की देखभाल, सिंचाई और संरक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
एमडीडीए की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित उत्तराखंड विजन के तहत एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में हरियाली का आधार बन सकें।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमडीडीए का कहना है कि व्यापक पौधारोपण और प्रभावी रखरखाव के माध्यम से देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और अधिक हरित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।