भगवानपुर (हरिद्वार)। विकासखंड मुख्यालय भगवानपुर में मंगलवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सेवा पखवाड़ा शिविर के साथ तहसील दिवस आयोजित किया गया। शिविर में 1435 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। वहीं, विभिन्न विभागों से संबंधित 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
तहसील दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल, शिक्षा, सिंचाई और जल निकासी समेत कई समस्याएं उठीं। लोगों ने संपत्ति पर्ची में संशोधन, चकमार्ग बहाली, अतिक्रमण हटाने, ट्रांसफार्मर स्थानांतरण, लंबित जांच पूरी कराने और बकाया वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे करना और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री सुनील सैनी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वहीं, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने इसे सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर लाभ प्रदान किया।