
काशीपुर। आजादी का महापर्व 80 व स्वतंत्रता दिवस आज पूरे जोशो खरोश और धूमधाम के साथ मनाया गया, विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मां भारती को याद किया गया। यहां मोहल्ला अल्ली खा चौक पर पहली बार फहराए गए 135 फीट ऊंचे तिरंगे का कार्यक्रम मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में देशभक्ति की मिसाल बन गया ।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह नगर में प्रभात फेरी के बाद नगर निगम परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम किया गया। क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और मेयर दीपक बाली ने यहां ध्वजारोहण किया इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा के साथ काफिला मोहल्ला अल्ली खा चौक पर पहुंचा जहां कुछ दिन पूर्व लगाए गए 135 फीट ऊंचे तिरंगे झंडे का ध्वजारोहण किया गया। मेयर दीपक बाली ने ध्वजारोहण किया। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र अल्ली खा में आज का ध्वजारोहण आकर्षण का केंद्र बन गया। मौके पर मौजूद हजारों की संख्या में लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। तिरंगे के सम्मान में सभी ने जातिवाद से ऊपर उठकर मां भारती के गगन भेदी नारे लगाए कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, सभी पार्षद और हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।
इससे पूर्व आज सुबह प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। ऐतिहासिक छोटे नीम के नीचे से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी समिति के संयोजक विमल गुड़िया के नेतृत्व में निकली यह प्रभात फेरी पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, बद्री भवन गली, सत्येंद्र चंद्र गुड़िया मार्ग, डॉक्टर लेन, मुंशी राम का चौराहा, मोहल्ला लाहोरियान और गीता भवन गली से होते हुए पुनः छोटी नीम के नीचे पहुंचकर संपन्न हुई।प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों द्वारा “उठ जाग मुसाफिर भोर भई” तथा महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन किया गया। इससे शहर की गलियों में देशभक्ति के स्वर गूंजते रहे।प्रभात फेरी के समापन पर छोटी नीम के नीचे राष्ट्रगान “जन गण मन” तथा राष्ट्रगीत “विजय विश्व तिरंगा प्यारा” का सामूहिक गायन किया गया।