रानीपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर चौक बाजार मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे। यात्रा ज्वालापुर चौक बाजार से शुरू होकर बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में युवा, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भारत विश्व पटल पर लगातार अपनी नई पहचान बना रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना प्रत्येक कार्यकर्ता के संस्कारों में है। यात्रा के माध्यम से युवाओं और समाज के सभी वर्गों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।