हरिद्वार। कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद मेला क्षेत्र, गंगा घाटों और प्रमुख स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के 700 से अधिक लोगों ने अभियान में भाग लिया। अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 30 टन से अधिक कूड़ा एकत्र कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से निस्तारण के लिए भेजा गया।
बिरला घाट, रोडीबेलवाला मैदान, बैरागी कैंप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला समेत विभिन्न गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, खंड विकास अधिकारियों, आपदा प्रबंधन विभाग, वन विभाग और शांतिकुंज की टीमें भी सफाई में जुटी रहीं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि अभियान में शांतिकुंज के 350 से अधिक अनुयायियों ने हिस्सा लिया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की टीमों ने सीसीआर के पास पार्क और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। शांतिकुंज के अनुयायियों ने रोडीबेलवाला क्षेत्र में कूड़ा एकत्र करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
वहीं, नगर निगम और वन विभाग की टीमों ने बैरागी कैंप व लालजीवाला क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान तिरंगा रैली भी निकाली गई। प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ मेले के बाद मेला क्षेत्र और गंगा घाटों को पूरी तरह स्वच्छ करना है।