बहादराबाद। रानीपुर विधानसभा के बहादराबाद मंडल में भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पृथ्वीराज चौहान चौक से शुरू हुई यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा बहादराबाद की विभिन्न कॉलोनियों और गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं और नागरिकों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है।
दायित्वधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित, जनसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया है।
यात्रा में जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, विशाल गर्ग, चित्रा शर्मा, चेतन चौहान, नीरज चौहान, नीति शर्मा, मनोज परालिया, प्रमोद पाल, आदित्य चौहान, सुमन स्वामी, मनोज पाल, राजीव चौहान, विनय चौहान, शोभित चौहान, चमन चौहान, नीरू कौशिक, विशाल चौहान समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।