हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में हरिद्वार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आर्य नगर चौक से शुरू हुई यात्रा चंद्राचार्य चौक पर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे एनसीसी के छात्रों ने भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल किया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्र गौरव की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाना है।
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने सीने से लगाकर देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हर भारतीय के लिए गौरव का अवसर है। पूरा देश स्वतंत्रता के इस पर्व पर अमर बलिदानियों को नमन कर रहा है। युवाओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर जवान आज भी हर भारतीय के दिल में बसते हैं।
यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी, विकास प्रधान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, देवेश ममगई, पारुल चौहान, करण वर्मा, निकुंज शर्मा, अंकित रघुवंशी, नवीन तेश्वर, सत्यनारायण शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नोडियाल, राकेश नोडियाल, भोला शर्मा, सुमित लखेड़ा, अर्श नय्यर, कपिल बालियान, सूरज भारद्वाज, मुकुल भारद्वाज, लवी चौहान, उमेश पाठक, रेशु चौहान, हरजीत सिंह, मृदुल कौशिक, सुनील सेठी, सुरेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।