हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 15 नमूने जांच को भेजे

रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को हरिद्वार जिले में मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। तीन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मिठाई, पनीर, दूध, मावा और खाद्य तेल समेत कुल 15 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।

डीईएसओ चौक, सिडकुल और शिवालिक नगर में छह मिठाइयों के नमूने लिए गए। वहीं रुड़की में मिठाई और पनीर के तीन, कनखल-जगजीतपुर क्षेत्र में पनीर, दूध और मावा के तीन तथा रानीपुर मोड़ स्थित प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल और मिठाइयों के तीन नमूने लिए गए।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी, खाद्य पदार्थों का जमीन पर रखकर भंडारण, बिना लाइसेंस कारोबार और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कई कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।

जगजीतपुर में बिना खाद्य लाइसेंस संचालित मिठाई दुकान पर कार्रवाई की संस्तुति की गई और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखी करीब 10 किलो मिठाई व चटनी मौके पर नष्ट कराई गई। वहीं एक मार्ट के खिलाफ बिना लाइसेंस संचालन और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बेचने पर चालानी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *