हर घाट हो गंदगी मुक्त, यही गंगा भक्तों का संकल्प

हरिद्वार। मां गंगा के घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने श्री गुरुनानक देव जी समिति, आदर्श विकास समिति एवं डीएडीए के सहयोग से श्री गुरुनानक देव जी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी एवं श्री गुरुनानक देव जी समिति के अध्यक्ष हरमोहन तनेजा के संयोजन में आयोजित अभियान का शुभारंभ मां गंगा सेवक स्वामी ऋषिवरानंद जी महाराज ने किया। उन्होंने हरिद्वारवासियों से मां गंगा के सभी घाटों और तटों को स्वच्छ रखने के लिए विशेष अभियान में सहयोग की अपील की। अभियान के दौरान करीब 40 से 50 बैग कूड़ा एकत्र कर नगर निगम को सौंपा गया। इसमें आदर्श विकास समिति के सदस्यों और डीएडीए का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर महंत ऋषिवरानंद महाराज, राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी एवं श्री गुरुनानक देव जी समिति के अध्यक्ष हरमोहन तनेजा ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और मोक्ष का प्रतीक ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका का आधार भी हैं। गंगा के प्रवाह वाले क्षेत्रों में लाखों व्यापारियों और लोगों का रोजगार मां गंगा से जुड़ा है। इसलिए प्रत्येक गंगा भक्त, व्यापारी और श्रद्धालु की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह गंगा को दूषित होने से बचाए। गंगा में कूड़ा-कचरा न डालें और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि मां गंगा के प्रत्येक घाट को स्वच्छ रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। भगीरथ जी की कठोर तपस्या के बाद मां गंगा मानव कल्याण और मोक्ष प्रदान करने के लिए धरती पर अवतरित हुईं। उनके दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और पुण्य की अनुभूति होती है।

महंत ऋषिवरानंद महाराज ने गंगा में कुछ स्थानों पर गिर रहे गंदे पानी पर चिंता जताते हुए सरकार और प्रशासन से इसे तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने स्वच्छता अभियान में राष्ट्रीय पंजाबी महासभा, श्री गुरुनानक देव जी समिति, आदर्श विकास समिति, डीएडीए के सदस्यों और महिलाओं के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर महंत आशुतोष जी, आदर्श युवा समिति के अध्यक्ष लखबीर सिंह, वरुण भाटिया, पवन सैनी, बीना कपूर, जसप्रीत कौर, लक्ष्मण सिंह सेठी, सतनाम भाटिया, महेंद्र चावला, नितिन कुमार बडोनी, विपिन कुमार, विनोद कुमार, सौरभ रिखरा, सुनीता एशानी, शिखा, ज्योति, राहुल कुमार, तोफाराम, अनीता, पूजा, ममता, वंश, अंजू, अनिमेष, रेखा और उपेंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *