हरिद्वार। रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों और रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
ज्वालापुर के लोधामंडी स्थित एक मिठाई सप्लायर के यहां अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे करीब 80 किलो खुले रसगुल्ले नष्ट कराए गए। वहीं बिना फूड लाइसेंस संचालित इलायची दाना निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद कराया गया। ढंढेरा और मंगलौर में भी करीब 80 किलो खुले गुलाब जामुन नष्ट कराए गए और बिना लाइसेंस संचालित दो मिठाई दुकानों को नोटिस दिए गए।
लक्सर में मिठाइयों के चार और रुड़की में गुलाब जामुन, घेवर, चॉकलेट व एनर्जी ड्रिंक समेत चार नमूने लिए गए। बालावाली तिराहे की एक मिठाई दुकान में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी कर सफाई के बाद ही निर्माण करने के निर्देश दिए गए। रुड़की के कैफे कॉफी डे रेस्टोरेंट में भी अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों के नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।