15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी जिले की सभी सड़कें, डीएम ने लिया जायजा

हरिद्वार, जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मंगलौर तक सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क पर गड्ढों, अतिक्रमण, साफ-सफाई और निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित करें। बरसात और कांवड़ यात्रा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क के गड्ढों के कारण किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं होनी चाहिए और मरम्मत कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रेहड़ी-ठेलियों समेत अन्य अतिक्रमण को तत्काल हटाने और दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति भी देखी और गुणवत्ता के साथ कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि कुंभ मेले के शुरू होने से पहले आवश्यक फ्लाईओवर और सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जाएं। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश भी परिवहन विभाग को दिए। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, श्रीमती नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *